logo

रांची : अपराध की योजना बना रहे 4 युवक गिरफ्तार, देशी रिवॉल्वर और जिंदा गोली बरामद

ranchi0320.jpg

रांची
राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है, जो आपराधिक वारदात की योजना बना रहे थे। पुलिस ने इनके पास से एक देशी रिवॉल्वर, दो जिंदा कारतूस, एक धारदार चाकू और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
यह कार्रवाई कोतवाली डीएसपी के नेतृत्व में हिंदपीढ़ी थाना प्रभारी की अगुवाई में अंजाम दी गई। गुप्त सूचना के आधार पर 23-24 जुलाई की रात एक टीम का गठन कर छोटा तालाब के पास चिन्मया आश्रम के बगल वाली गली में छापेमारी की गई, जहाँ कुछ युवक आपस में बातचीत कर रहे थे। पुलिस को आता देख सभी युवक भागने लगे, लेकिन टीम ने चार को पकड़ने में सफलता हासिल की, जबकि एक फरार हो गया।


गिरफ्तार युवकों की पहचान:
1.    इरफान उर्फ गोलू (22 वर्ष), पिता – शलीम, निवासी – बड़ा कुआं गली, नेजामनगर
2.    फैजान आलम उर्फ फैजु (19 वर्ष), पिता – मोईज आलम, निवासी – सदर गली, हिंदपीढ़ी
3.    मेराज उर्फ बंदर मेराज (21 वर्ष), पिता – नईम, निवासी – नेजामनगर
4.    आयान (20 वर्ष), पिता – मो. अमजद, निवासी – गौसुलवारा मस्जिद के पास, राशन दुकान, नेजामनगर
गिरफ्तार किए गए युवकों से जब पूछताछ की गई तो वे हथियारों के संबंध में कोई वैध कागजात नहीं दिखा सके और संतोषजनक जवाब भी नहीं दे पाए। पुलिस के अनुसार, ये सभी युवक किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।


बरामद सामान:
•    एक छः चक्रीय देशी रिवॉल्वर (लोहे का)
•    दो जिंदा कारतूस
•    एक धारदार चाकू (जिस पर "Fengli" लिखा था)
•    दो मोबाइल फोन (एक सैमसंग काले रंग का, दूसरा पीले रंग का रेहमी ब्रांड का)
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इरफान उर्फ गोलू और मेराज उर्फ बंदर मेराज का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। सभी आरोपियों के खिलाफ हिंदपीढ़ी थाना कांड संख्या 49/25 के तहत बीएनएस की धारा 310(4)/310(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-b)a/26/35 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अब फरार अपराधी की तलाश में जुटी है और यह आशंका जताई जा रही है कि इनके नेटवर्क में और भी लोग शामिल हो सकते हैं।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest